विद्युत विभाग के मेगा कैंप में 214 शिकायतें दर्ज, 156 का मौके पर निस्तारण

मामले का निस्तारण करते कर्मचारी बिजली विभाग

देवरिया, 15 मई (हि.स.)। देवरिया में विद्युत विभाग द्वारा शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मेगा कैंप का आयोजन किया गया। पहले दिन कुल 214 उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 156 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन गोरखपुर के मुख्य अभियंता अंजनी कुमार शुक्ला ने किया। यह विशेष मेगा कैंप 22 मई तक संचालित होगा। कैंप का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाना है।

मुख्य अभियंता अंजनी कुमार शुक्ला ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मरों जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कैंप में मुख्य अभियंता ने स्वयं उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं और सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्य अभियंता ने बताया कि मेगा कैंप में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें, गलत बिजली बिल, बकाया बिल, नए कनेक्शन और अन्य तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता चंद्रमा प्रसाद, उपखंड प्रथम के सहायक अभियंता अमित कुमार सिंह, उपखंड द्वितीय के सहायक अभियंता प्रत्यूष बल्लभ सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर