सभी उत्पादों पर 'कार्बन फुटप्रिंट लेबलिंग' अनिवार्य करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को सौंपेंगे 'अभिनव पत्र' : अनिल जोशी

नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। पर्यावरण कार्यकर्ता पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने मंगलवार को कहा कि वह 'नेचर नेटवर्क' के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जल्द ही पत्र सौंपकर बाजार के सभी उत्पादों पर 'कार्बन फुटप्रिंट लेबलिंग' अनिवार्य करने की मांग करेंगे।

डॉ. अनिल जोशी ने विश्व पर्यावरण दिवस से तीन दिन पहले नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में “कार्बन फुटप्रिंट” विषय पर आयोजित गोलमेज सम्मेलन को संबोधित किया। यह सम्मेलन आईजीएनसीए और हिमालयन एनवायरनमेंटल स्टडीज़ एंड कंज़र्वेशन ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसमें पर्यावरण संरक्षण और उपभोक्ता जागरूकता को लेकर एक अभिनव प्रस्ताव पर चर्चा की गई।

डॉ. जोशी ने बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग पर चिंता जताते हुए कहा कि जिस तरह खाद्य पदार्थों और दवाओं पर पोषण और रासायनिक तत्वों का लेबल लगाया जाता है, उसी तरह हर उत्पाद से पर्यावरण को होने वाले नुकसान की जानकारी भी उपभोक्ताओं को मिलनी चाहिए।

   

सम्बंधित खबर