खन्ना में BJP नेता ने लहराई पिस्टल, VIDEO:2-3 बार चलाई, गोलियां न होने पर नहीं हुआ फायर; मॉर्निंग क्लब के सदस्यों ने जताई आपत्ति
- Neha Gupta
- Jun 02, 2026
खन्ना में नगर कौंसिल चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी के एक नेता का पिस्टल लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वार्ड नंबर 30 से भाजपा उम्मीदवार रहे जसवंत कश्यप वीडियो में सार्वजनिक स्थान पर पिस्टल निकालते और लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, नगर कौंसिल चुनाव में हार के बाद जसवंत कश्यप रेलवे रोड स्थित एक मॉर्निंग क्लब के सदस्यों के बीच पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल बाहर निकाली और वहां मौजूद लोगों के सामने उसे लहराना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने दो से तीन बार पिस्टल निकाली और उसे चलाने की कोशिश भी की। हालांकि, पिस्टल में गोलियां न होने के कारण कोई फायर नहीं हुआ, केवल खाली ट्रिगर दबाए गए। मॉर्निंग क्लब के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई इस घटना के वीडियो सामने आने के बाद मॉर्निंग क्लब के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई है। मॉर्निंग क्लब के सदस्यों ने संयुक्त शिकायत दी है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियार का प्रदर्शन लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा करता है। क्लब के कुछ सदस्यों ने इस मामले में पुलिस जिला खन्ना के एसएसपी को शिकायत सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब का है, उसमें दिखाई दे रही गतिविधियां किन परिस्थितियों में हुईं और क्या हथियार लाइसेंसी था। SHO बोले- जांच के बाद की जाएगी कानूनी कार्रवाई सिटी थाना के SHO सुखविंदरपाल सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

