मुरादाबाद में राजकीय मेडिकल कालेज की स्थापना जनहित में अत्यंत आवश्यक : ठाकुर रामवीर सिंह
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
मुरादाबाद, 02 जून (हि.स.)। लखनऊ में प्रतिनिहित विधायन समिति की बैठक मंगलवार को सभापति राजीव सिंह उर्फ बब्बू भैया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सिंचाई विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में प्रतिभाग करते हुए कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि मुरादाबाद जनपद की बढ़ती जनसंख्या तथा स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए यहां एक आधुनिक सुविधाओं से युक्त राजकीय मेडिकल कालेज की स्थापना जनहित में अत्यंत आवश्यक है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिहित विधायन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने समिति के सदस्य के रूप में बैठक में प्रतिभाग करते हुए कहा कि जनपद मुरादाबाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण एवं घनी आबादी वाला जनपद है, जहां लगभग 50 लाख नागरिक निवास करते हैं। इसके बावजूद जनपद में आज तक कोई राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित नहीं किया गया है। गंभीर बीमारियों एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में जनपदवासियों को उपचार हेतु मेरठ, बरेली, लखनऊ, दिल्ली एवं अन्य दूरस्थ जनपदों में जाना पड़ता है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को अत्यधिक आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से गरीब, किसान, मजदूर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक समय पर बेहतर उपचार प्राप्त नहीं कर पाते, जिसके कारण कई बार गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं।

