इगल्स क्रिकेट क्लब बना बी डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का चैंपियन, बेनीपुर को 30 रन से हराया
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
दरभंगा, 08 जून (हि.स.)। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 2025-26 सत्र की बी डिवीजन जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में इगल्स क्रिकेट क्लब ने बेनीपुर क्रिकेट क्लब को 30 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। यह मैच कर्पूरी ठाकुर बाबा नागार्जुन स्टेडियम, बेनीपुर में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इगल्स क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 28 ओवर में सभी विकेट खोकर 142 रन बनाए। टीम की ओर से मानिकर्णिका ने तीन चौके और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 39 रन बनाए। सावन कुमार ने 28 रन, कृष्णा ने 26 रन तथा प्रिंस और दुलारे ने 12-12 रन का योगदान दिया।
बेनीपुर क्रिकेट क्लब की ओर से अनीश और कृष्णा ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद कैफ और आशीष को दो-दो सफलताएं मिलीं।
143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेनीपुर क्रिकेट क्लब की टीम 27 ओवर में 112 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मोहम्मद कैफ ने एक चौके और तीन छक्कों की सहायता से 28 रन बनाए। सोनू ने 20 रन तथा आयुष ने 12 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
इगल्स क्रिकेट क्लब की ओर से सचिन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि सोनू और आयुष ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैच में उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए इगल्स क्रिकेट क्लब के मानिकर्णिका को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फाइनल में मिली इस जीत के साथ इगल्स क्रिकेट क्लब ने बी डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का खिताब अपने नाम कर लिया।
---------------

