
नई दिल्ली, 2 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने जाली दस्तावेजों के जरिए गुरुग्राम की एक संपत्ति का मालिक बताकर बेचने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने संपत्ति बेचकर कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक से 5.78 करोड़ रुपये की ठगी की। मूल मालिक के अदालत में शिकायत करने पर ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़ित ने आर्थिक अपराध शाखा में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद सलमान और रानी कपूर (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है।
आर्थिक अपराध शाखा के डीसीपी विक्रम के पोरवाल ने रविवार को बताया कि दिसंबर 2024 को कंस्ट्रक्शन कारोबारी अजय कुमार अग्रवाल से शाखा में ठगी की शिकायत दी। जिसमें उन्होंने मोहम्मद सलमान पर गुरुग्राम स्थित एक प्लॉट की बिक्री कर उनसे 5.78 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया। वह सलमान को पहले से जानते थे। उन्होंने बताया कि वह पहाड़गंज में उनके कार्यालय से संपर्क किया। आरोपित ने बताया कि संपत्ति शास्त्री नगर निवासी रानी कपूर (बदला हुआ नाम) की है। जिसका माप 1,340 वर्ग गज है। मोहम्मद सलमान ने उन्हें संपत्ति के मूल दस्तावेज दिखाए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इन दस्तावेजों के आधार पर आदित्य बिड़ला हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड से पांच करोड़ का ऋण लिया। फिर शिकायतकर्ता ने संपत्ति का दौरा किया। जहां एक बोर्ड देखकर वह चौंक गया। जिसमें बताया गया था कि संपत्ति कविता शर्मा (बदला हुआ नाम) की है। पीड़ित के पूछने पर सलमान ने कहा कि बोर्ड उन्होंने लगाए हैं। कुछ दिन बाद शिकायतकर्ता को गुरुग्राम कोर्ट से एक नोटिस मिला, जिसमें मूल मालिक कविता शर्मा ने रानी कपूर द्वारा उनके नाम पर निष्पादित बिक्री विलेख को रद्द करने की मांग की गई थी। उसके बाद शिकायतकर्ता ने शाखा में शिकायत दर्ज कराई। इधर पुलिस ने मामले दर्ज करने के बाद एक गुप्त सूचना के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी