16 से 20 फरवरी के बीच प्रदेश में दो बार बदलेगा मौसम, हल्की बारिश संभव

जयपुर, 13 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के 18 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 3.9 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। वहीं प्रदेश के 6 शहरों का दिन का पारा 30 पार दर्ज किया गया। 33.5 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 16.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। आगामी दिनों में 16 से 20 फरवरी के बीच प्रदेश के मौसम में दो बार बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार जालौर, डूंगरपुर, फलौदी, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर का दिन का पारा 30 पार दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप के साथ हल्की हवाएं भी चली। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 25 से 33 डिग्री (सामान्य से 2-7 डिग्री अधिक) दर्ज हो रहे हैं। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 से 17 फरवरी के दौरान आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान 16 फरवरी को राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। गुरुवार को राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आद्रता की औसत मात्रा 31 से 99 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई।

आगामी दो सप्ताह ऐसा रहेगा प्रदेश का मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 13 से 24 फरवरी के बीच प्रदेश के मौसम में कई रंग देखने को मिलेंगे। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि कमजोर पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 16 से 20 फरवरी के दौरान प्रदेश के उत्तरी पश्चिम भागों में बादल छाए रहने की संभावना है। 19-20 फरवरी को उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। 13 से 27 फरवरी के बीच राज्य के अधिकांश भागों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। प्रथम सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ऊपर रहने की संभावना है। वहीं दूसरे सप्ताह में राज्य के उत्तरी-पश्चिमी भागों में सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक तापमान रहने की संभावना है।

हवाओं से गिराया जयपुर का पारा

जयपुर में लगातार दो दिन से हवाएं चल रही है। इससे पारे में गिरावट आ रही है। गुरुवार को भी हवाएं चली। इससे जयपुर के पारे में गिरावट दर्ज की गई। जयपु के दिन के पारे में 0.4 डिग्री और रात के पारे में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

   

सम्बंधित खबर