राजधानी दिल्ली में ईद अल अजहा का त्योहार पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया
- DSS Admin
- May 28, 2026
नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में आज ईद अल अजहा का त्योहार पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। सुबह-सुबह ईदगाह, मस्जिदों में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई और इसके बाद जानवरों की कुर्बानी पेश की गई। इस मौके पर ईदगाहों और मस्जिदों से विश्व शांति, देश की तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की गई।
ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद में इमाम सैयद अहमद बुखारी ने नमाज़ अदा कराई। अपने विशेष संबोधन में उन्होंने ईद अल अजहा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नमाज को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन का धन्यवाद किया। उन्होंने मुसलमानों से ईद का पर्व मनाने में अपने पड़ोसियो का ख्याल रखने और साफ- सफाई का खास ख्याल रखने की अपील की।
शाही मस्जिद फतेहपुरी के इमाम डॉ मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने ईद अल अजहा की नमाज अदा कराई। इस अवसर पर अपने विशेष संबोधन में उन्होंने देश-दुनिया के ताजा हालात का जिक्र किया। उन्होंने विश्व में शांति और देश की तरक्की व खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की।
रानी झांसी रोड स्थित ईदगाह में भी बड़ी तादाद में मुसलमानों ने नमाज अदा की। दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया, दरगाह हजरत बख्तियार काकी में भी ईद की नमाज अदा की गई। जामिया मिलिया इस्लामिया और जामिया हमदर्द में भी ईद की नमाज का आयोजन किया गया जहां पर बड़ी संख्या में मुसलमानों ने नमाज में भाग लिया।
सभी बडे़ मुस्लिम संगठनों के मुख्यालयों में स्थित मस्जिदों से भी नमाज का एहतेमाम किया गया। इसके साथ ही राजधानी के अन्य क्षेत्रों की मस्जिदों में भी बड़ी तादाद में मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद जानवरों की कुर्बानी दी गई।

