झुंझुनू, 23 मई (हि.स.)। झुंझुनू जिले के सदर थाना इलाके के दौरासर गांव में शनिवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने मालियों की ढाणी स्टैंड के पास सड़क किनारे शव पड़ा देखा जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बीडीके हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान रामरतन (45) पुत्र मालूराम जाट निवासी मालियों की ढाणी के रूप में हुई है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है। वहीं परिजनों का कहना है कि तेज गर्मी और धूप के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी हो सकती है।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह राहगीरों ने मालियों की ढाणी स्टैंड के पास सड़क किनारे एक युवक को पड़ा देखा। युवक का शव सड़क से थोड़ा नीचे था। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर झुंझुनूं के बीडीके हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसे मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
दौरासर के पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह ने बताया कि रामरतन की दिमागी हालत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। वह खेती-बाड़ी का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। परिवार में पत्नी के अलावा करीब 18 साल का एक बेटा और एक बेटी है। परिजनों का कहना है कि तेज गर्मी और धूप के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी हो सकती है। वहीं यह भी आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में गिरने से उसकी मौत हुई हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
---------------

