स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण व स्वच्छता शपथ दिलाई गई

हल्द्वानी, 26 सितंबर (हि.स.)। देश भर में चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान पेड़ लगाने पर भी जोर दिया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल द्वारा हरगोविंद सुयाल सरस्वती विद्या मंदिर, कुसुमखेड़ा में स्कूली बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।

क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज कुमार भट्ट ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किये गए एक पेड़ मां के नाम अभियान को भी शामिल किया गया है। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम संयोजक शर्मिष्ठा बिष्ट ने उपस्थित लोगों के साथ स्वच्छता एंथम का समूह गायन कराया। उन्होंने बताया कि भाषण प्रतियोगिता में चंद्रेश जोशी और प्रतिभा जोशी, नारा लेखन में कमल उप्रेती और योगेश मेहरा, प्रश्नोत्तरी में भूमि जोशी, दिव्यांका उप्रेती, पंकज जोशी, पवेन्द्र सिंह, गरिमा मेलकानी और कुश राणा को भारत सरकार की ओर से मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की सह संयोजक डॉ. दीपा जोशी ने स्वच्छता ही सेवा और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शरीर की तंदुरुस्ती के लिए सफाई जरूरी है, उसी प्रकार प्रकृति की तंदुरुस्ती के लिए पेड़ लगाना आवश्यक है। केंद्रीय संचार ब्यूरो के वरिष्ठ कलाकार आनंद बिष्ट ने विद्यालय के प्रधानाचार्य खीम सिंह बिष्ट को पौधा भेंट किया और परिसर में वृक्षारोपण करवाया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के वरिष्ठ कलाकार आनंद बिष्ट ने विद्यालय के प्रधानाचार्य खीम सिंह बिष्ट को पौधा भेंट किया और विद्यालय परिसर में उपस्थित लोगों से पेड़ लगवाए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक डॉ प्रकाश बहुगुणा, सीमा बोरा, कविता जोशी अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

   

सम्बंधित खबर