हिसार : रोडवेज कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
- Vijesh Sharma
- Jul 06, 2026

हिसार, 06 जुलाई । हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबद्ध सेवानिवृत्त कर्मचारी
एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य उपप्रधान एमएल सहगल के नेतृत्व में अतिरिक्त उपायुक्त
को उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो के कर्मचारियों की लंबित
मांगों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
एसोसिएशन के नेता राजबीर सिंधु व राजपाल नैन ने साेमवार काे बताया कि हरियाणा रोडवेज हिसार
डिपो की सभी यूनियनों की संयुक्त संघर्ष समिति पिछले 55 दिनों से धरने पर बैठी है।
उनका आरोप है कि डिपो महाप्रबंधक राहुल मित्तल कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का
समाधान करने के बजाय उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को
15 सूत्रीय मांगपत्र विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और महाप्रबंधक को भेजा गया था, लेकिन
अब तक किसी भी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि सीएम फ्लाइंग की छापेमारी के दौरान रोडवेज
कार्यशाला में पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया, जिसमें हाईकोर्ट की रोक के
बावजूद 141 पेड़ उखाड़े गए। साथ ही महाप्रबंधक पर नियमित रूप से कार्यालय में देर से
आने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि इससे कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी और आम यात्री
परेशान होते हैं।
एसोसिएशन ने प्रशासन से कर्मचारियों की लंबित मांगों का जल्द समाधान कराने
की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 8 जुलाई को महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर रोष धरना दिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में राजपाल नैन, बलबीर देशवाल, महेंद्र सिंह, राजबीर सिंधु, भरत सिंह
पूनिया व राजेंद्र सिंह आदि भी शामिल रहे।

