कल से महिलाओं द्वारा निर्मित वस्तुओ का गांवदेवी में मेला

मुंबई ,11मार्च (हि. स.)।ठाणे में एक अनूठा महिला सशक्तिकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। ठाणे जिले के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों में महिलाओं द्वारा उत्पादित विभिन्न वस्तुओं को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोंकण विभाग, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी, ठाणे और महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण आजीविका संवर्धन मिशन द्वारा संयुक्त रूप से विभागीय, जिला स्तरीय और मिनी सरस बिक्री प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 'सरस बिक्री प्रदर्शनी कल 12 मार्च से 16 मार्च, 2025 तक गावदेवी मैदान, ठाणे स्टेशन रोड, ठाणे - (पश्चिम) में सुबह 10.00 बजे से रात 10.00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

इस प्रदर्शनी में लोगों को महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार की आकर्षक वस्तुएं खरीदने का अवसर मिलेगा। इसमें 175 स्टॉल होंगे, जिनमें विभिन्न खाद्य पदार्थ, हस्तशिल्प, कपड़े और विशेष रूप से महिलाओं द्वारा बनाए गए विभिन्न घरेलू सामान बेचे जाएंगे। इसमें 350 से अधिक महिलाएं भाग लेंगी। इस प्रदर्शनी में ठाणे जिले, कोंकण क्षेत्र (पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग) और अन्य जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार विभिन्न आकर्षक वस्तुएं और खाद्य पदार्थ बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

महिलाओं की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के लिए, जिले के स्वयं सहायता समूहों को सरस के माध्यम से अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस बिक्री से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आय प्राप्त होगी। इस आयोजन के माध्यम से महिलाएं अपने द्वारा निर्मित उत्पादों और वस्तुओं के माध्यम से अपने कौशल और कला का प्रदर्शन करेंगी।

इस प्रदर्शनी में विविधता: हस्तशिल्प, वस्त्र, घरेलू सामान, मसाले, अचार, पापड़ और कई पारंपरिक खाद्य पदार्थ बेचने वाले स्टॉल होंगे।इसके माध्यम से उत्पादों के लिए सीधे बाजार मिलेंगे । जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रशासक रोहन घुगे और जिला ग्रामीण विकास एजेंसी की परियोजना निदेशक छायादेवी शिसोदे ने आज ठाणे निवासियों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा बनाए गए गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रदर्शनी को देखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र शर्मा

   

सम्बंधित खबर