फरीदाबाद : कर्मचारी राज्य बीमा निगम और होमी भाभा टाटा स्मारक केंद्र के बीच हुआ करार
- Vijesh Sharma
- Jun 06, 2026

फरीदाबाद, 06 जून । हरियाणा क्षेत्र के बीमाकृत व्यक्तियों को बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने अति विशिष्ट उपचार करने के लिए नया करार किया है। इस कड़ी में समस्त प्रकार के कैंसर इलाज के लिए टाटा स्मारक केंद्र की इकाई होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, पंजाब के साथ करार किया गया है। पंजाब स्थित इस केंद्र के दो अस्पतालों होमी भाभा कैंसर अस्पताल तथा अनुसंधान केंद्र न्यू चंडीगढ़ तथा होमी भाभा कैंसर अस्पताल संगरूर के माध्यम से बीमाकृत व्यक्तियों को नि:शुल्क इलाज मिल पाएगा। न्यू चंडीगढ़ स्थित अस्पताल में 300 बिस्तर की क्षमता है वहीं संगरूर स्थित अस्पताल में 125 बिस्तर की क्षमता है। बीमाकृत व्यक्तियों को यहाँ परामर्श, जाँच, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी तथा सर्जरी की सुविधा देने के लिए अनुबंध किया गया है। इस अवसर पर बोलते हुए होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, पंजाब के निदेशक डॉ आशीष गुलिया ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा के साथ पेनल में आने से समाज के सभी वर्गों को गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल देने के हमारे लक्ष्य में एक और महत्त्वपूर्ण नाम जुड़ गया है। यह संस्थान मरीजों के लिए उच्चतम कोटि का इलाज देने तथा आर्थिक कारणों से उपचार के लिए किसी को वंचित न रहने देने के अपने उद्देश्य को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्प है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम, क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा के राज्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अभिषेक राय ने इस करार को करने में अहम भूमिका निभाई है, उनका कहना है कि यह करार हरियाणा के बीमाकृत व्यक्तियों और सम्पूर्ण हरियाणा में निवास कर रहे बीमाकृत व्यक्तियों के लिए एक वरदान की तरह साबित होगा। अभी तक इस प्रकार की व्यवस्था से वे वंचित थे लेकिन अब टाटा स्मारक केंद्र जैसे विश्व विख्यात संस्थानों से भी बीमाकृत व्यक्ति इलाज प्राप्त कर सकेंगे, यह बहुत खुशी की बात है। हरि ओम प्रकाश, क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा ने इस अवसर पर होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, पंजाब के निदेशक डॉ आशीष गुलिया का आभार व्यक्त किया।

