गिरफ्तार हाे सकते हैं सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके : असीम सरोदे
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
मुंबई, 03 जून (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के आगामी 6 जून को अमेरिका से भारत लौटने की संभावना के बीच राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। भारत वापसी से पहले दीपके ने कुछ प्रमुख लोगों से संपर्क किया है, जिनमें वरिष्ठ अधिवक्ता असीम सरोदे भी शामिल हैं।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में असीम सरोदे ने बताया कि उनकी अभिजीत दीपके से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दीपके ने भारत लौटने की अपनी योजना पर चर्चा की। सरोदे ने कहा कि उन्होंने दीपके को मौजूदा परिस्थितियों और सरकार के संभावित रुख को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी और रणनीति के साथ भारत आने की सलाह दी है।
सरोदे के अनुसार, उन्होंने दीपके को किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण या विवादित बयानबाजी से बचने और और महात्मा गांधी के रास्ते पर चलते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की सलाह दी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस बात पर नजर रख सकती है कि दीपके को जनता और विशेष रूप से युवाओं का कितना समर्थन प्राप्त है।
अधिवक्ता ने संभावना जताई कि दीपके को भारत पहुंचते ही तुरंत गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, लेकिन हवाई अड्डे पर पूछताछ या हिरासत में लिए जाने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता।
इस बीच, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स अकाउंट को बंद कर दिया था। इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए अभिजीत दीपके ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई अभी न्यायालय में लंबित है।
पार्टी समर्थकों का दावा है कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं।--------------

