गोरखपुर एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर सुनीत जाधव का भव्य स्वागत
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
गोरखपुर, 19 जून (हि.स.)। शहर के गोरखपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर सुनीत जाधव के आगमन पर उनका भव्य और यादगार स्वागत किया गया। जीजेडआई कार्ट के डायरेक्टर एवं फिटनेस गुरु ई. माज खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में फिटनेस प्रेमियों, युवाओं और समर्थकों ने एयरपोर्ट पहुंचकर उनका जोरदार अभिनंदन किया।
सुनीत जाधव के एयरपोर्ट पहुंचते ही उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से लादकर और जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जो अपने पसंदीदा बॉडीबिल्डर की एक झलक पाने के लिए घंटों पहले से एयरपोर्ट पर मौजूद थे।
इस अवसर पर ई. माज खान ने कहा कि सुनीत जाधव जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी का गोरखपुर आगमन शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इससे यहां के युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरणा मिलेगी और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में आयोजित होने वाले ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को फिटनेस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
सुनीत जाधव ने भी गोरखपुर पहुंचने पर सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और उत्साह उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित व्यायाम करें, संतुलित आहार लें और किसी भी प्रकार के शॉर्टकट से बचते हुए स्वस्थ तरीके से फिटनेस को अपनाएं।
एयरपोर्ट पर हुए इस भव्य स्वागत ने कार्यक्रम की भव्यता की झलक पहले ही दिखा दी है। आयोजकों का मानना है कि आगामी कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और यह आयोजन गोरखपुर में फिटनेस के क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार होगा।
---------------

