खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री नष्ट

कानपुर, 19 जून (हि.स.)। जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री (अवधि समाप्त खाद्य सामग्री) को नष्ट कराया। यह जानकारी शुक्रवार को सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह ने दी।

जाजमऊ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कालातीत खाद्य सामग्री (अवधि समाप्त खाद्य सामग्री) नष्ट कराई। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में लगभग 8600 लीटर एक्सपायर्ड सिरप, शरबत, क्रश और सॉस को नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड में विधिवत नष्ट किया गया।

बताया गया कि आज जाजमऊ स्थित विशाल भारत इंडस्ट्री का अधिकारियों द्वारा जायजा लिया गया। उक्त प्रतिष्ठान के खाद्य कारोबारकर्ता तौकीर कमाल अंसारी हैं। निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी मात्रा में कालातीत खाद्य सामग्री (अवधि समाप्त खाद्य सामग्री) भंडारित पाई गई। इस दौरान मौके पर मौजूद व्यक्ति फरार हो गए, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निर्माण इकाई को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

इसके बाद विभागीय कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम के भौति स्थित डंपिंग ग्राउंड में 8600 लीटर कालातीत खाद्य सामग्री (अवधि समाप्त खाद्य सामग्री) को नष्ट कराया गया, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग दो लाख बत्तीस हजार दो सौ रुपये बताया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अवमानक एवं कालातीत खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्यवाही के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, अरविन्द, आशुतोष एवं दिव्या उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर