राजस्थान पुलिस का महा-अभियान: प्रदेशभर में साढ़े नौ हजार वाहन चालकों पर कार्रवाई

जयपुर, 08 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों और अवैध हूटर, फ्लैशर, काली फिल्म तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर में 9 हजार 523 वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चल रहे अभियान के सातवें दिन अवकाश होने के बावजूद पुलिस टीमों ने सघन नाकेबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि सर्वाधिक कार्रवाई वाहनों पर लगी काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों के खिलाफ की गई। अभियान के दौरान 3 हजार 491 वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई, जबकि 2 हजार 643 वाहनों पर दोषपूर्ण नंबर प्लेट मिलने पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा 1 हजार 313 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द और चिन्ह, 811 वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, 741 वाहनों पर अवैध हूटर-फ्लैशर तथा 524 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न के मामले सामने आए।

इस कार्रवाई के मामले में कोटा शहर पुलिस प्रदेश में पहले स्थान पर रही, जहां 830 वाहनों पर कार्रवाई की गई। अजमेर में 570 और बूंदी में 459 वाहनों के खिलाफ चालान बनाए गए। जयपुर कमिश्नरेट में 450 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनमें 275 मामले काली फिल्म और 84 मामले नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों के थे।

जयपुर संभाग में कोटपूतली-बहरोड़ जिला 372 वाहनों पर कार्रवाई के साथ सबसे आगे रहा, जबकि दौसा में 112, जयपुर ग्रामीण में 98, भिवाड़ी में 88 और अलवर में 37 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई। वहीं जोधपुर संभाग में जैसलमेर में 140, जोधपुर ग्रामीण में 151, बाड़मेर में 108, बालोतरा में 96, फलोदी में 92 तथा जालोर में 58 वाहनों पर कानूनी कार्रवाई की गई।

डॉ. मीणा ने कहा कि वाहनों पर पद, जाति या संस्था का नाम लिखना, अवैध हूटर व फ्लैशर का उपयोग करना और काली फिल्म लगाना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर