केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के 4 निजी स्टाफ हटाए गए

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्र सरकार ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी स्टाफ में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए उनके चार प्रमुख सहयोगियों को हटा दिया है।

सरकारी आदेश के अनुसार मंत्री के निजी सचिव अमर सिंह को प्रशासनिक आधार पर उनके मूल विभाग राजस्व विभाग में वापस भेज दिया गया है।

इसी तरह अतिरिक्त निजी सचिव शैलेश कुमार सिंह को समय से पहले कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में प्रतिनियुक्ति समाप्त कर वापस भेज दिया गया है। आदेश में उनके लिए एक्सटेंडेड कूलिंग ऑफ का भी उल्लेख किया गया है।

वहीं, मंत्री के एक अन्य अतिरिक्त निजी सचिव आयुष सरन की सेवाएं भी अचानक समाप्त कर दी गईं। इसके अलावा 03 जुलाई के सरकारी आदेश के मुताबिक मंत्री के सहयोगी सिद्धार्थ यादव को भी उनके दायित्वों से तुरंत प्रभाव से मुक्त कर दिया गया।

हालांकि, सरकार की ओर से इन बदलावों के कारणों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है और संबंधित आदेशों में इन्हें प्रशासनिक निर्णय बताया गया है।

उल्लेखनीय है कि यह पहला अवसर नहीं है जब किसी केंद्रीय मंत्री के निजी स्टाफ में इस प्रकार एक साथ बड़े बदलाव किए गए हों। इससे पहले केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के निजी स्टाफ में भी अचानक परिवर्तन किए गए थे। इसी प्रकार पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के निजी सचिव और अन्य सहयोगियों को भी कार्यकाल के दौरान पदमुक्त किए जाने की घटनाएं सामने आईं थी।

प्रशासनिक हलकों का मानना है कि मंत्रियों के निजी स्टाफ में इस तरह के बदलाव पूरी तरह सरकार के विवेकाधिकार और प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर