बलरामपुर : जनदर्शन में पहुंचे लोगों को मिला फलदार पौधों का उपहार, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जिला मुख्यालय में आज सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के समापन के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेई ने जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों एवं नागरिकों को फलदार पौधों का वितरण किया। इस दौरान अमरूद, कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे भेंट कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो हरियाली बढ़ने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की।
फलदार पौधे मिलने पर जनदर्शन में पहुंचे लोगों ने खुशी जताई और पौधों का संरक्षण करने का संकल्प लिया। प्रशासन की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
---------------

