फर्जी एसटी प्रमाणपत्र लेने और देने वालों की होगी गिरफ्तारी : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
बांकुड़ा, 30 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाणपत्र जारी करने में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पिछली तृणमूल सरकार के कार्यकाल में फर्जी एसटी प्रमाणपत्र जारी किए गए और ऐसे प्रमाणपत्र लेने तथा जारी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
मंगलवार को बांकुड़ा जिले के मुकुटमणिपुर में आयोजित हूल दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह बयान दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सिधू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी और मूलवासी समुदायों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जंगलमहल क्षेत्र के विकास के लिए काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने आदिवासी समाज और जंगलमहल के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया तथा समुदाय को लगातार पीछे रखा गया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार के समय एसटी, एससी और ओबीसी प्रमाणपत्रों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ। इसी क्रम में हाल ही में पूर्व सरकार के समय जारी कई ओबीसी प्रमाणपत्रों को लेकर कानूनी विवाद भी सामने आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समाज के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल में आदिवासी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने के लिए आदिवासी समुदाय का आभार भी व्यक्त किया।
---------------

