बीरभूम के पुलिस अधीक्षक का तबादला, विदित राज भुंदेश बने नए एसपी

बीरभूम, 08 जून (हि. स.)। राज्य सरकार ने सोमवार को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए बीरभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूर्या प्रताप यादव का तबादला कर दिया। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई।

जारी आदेश के अनुसार, कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट स्पेशल) के पद पर कार्यरत आईपीएस अधिकारी विदित राज भुंदेश को बीरभूम का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान एसपी सूर्या प्रताप यादव को कोलकाता ट्रैफिक पुलिस में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि सूर्या प्रताप यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले बीरभूम के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला था। उनके कार्यकाल के दौरान जिले में कई महत्वपूर्ण कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों का सामना किया गया।

राज्य सरकार के आदेश में जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों के भी तबादले की घोषणा की गई है। बीरभूम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राहुल मिश्रा के स्थान पर आईपीएस अधिकारी गायकवाड़ निलेश श्रीकांत को नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, बोलपुर के एसडीपीओ रिकी अग्रवाल की जगह अर्पित आर. पारिख को नया एसडीपीओ बनाया गया है। वहीं रामपुरहाट के एसडीपीओ गोबिंद सिकदार के स्थान पर आईपीएस अधिकारी मुकुरी प्रिंस कमल तेजा को नियुक्त किया गया है।

पुलिस प्रशासन में किए गए इन बदलावों को आगामी समय में जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर