दिनदहाड़े किसान को खेत पर मारी गोली, आरोपित का तमंचा लोड करते वीडियो वायरल

झांसी, 22 सितंबर (हि.स.)। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते किसान को खेत पर तमंचे से गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। वही एक आरोपी का तमंचा लोड करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है।

चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अतपेई में रहने वाले मातादीन (60) आज सुबह अपने खेत पर बकरिया चराने गया था। उसी दौरान चार लोग आए और गाली गलौज करते हुए एक युवक ने तमंचे से उसे गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। इधर घटना में घायल व्यक्ति के पुत्र ने वीडियो बना लिया। जिसमें हमलावर तमंचे को लोड करते हुए देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

इस संबंध में एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर जांच पड़ताल कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति का नाम सामने आया है। घटना में चार लोगों का शामिल होना बताया जा रहा है। पुलिस इसकी जांच करने में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

   

सम्बंधित खबर