सारण के किसानों को फार्मर रजिस्ट्री अभियान में पंजीकरण का 30 जून तक मौका
- DSS Admin
- May 14, 2026
सारण, 14 मई (हि.स.)। कृषि विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किसानों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अभियान पूरे जिले में युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन, सारण द्वारा इस विशेष अभियान की समय-सीमा 30 जून 2026 निर्धारित की गई है, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। जिला प्रशासन पंचायत स्तर पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। इसके तहत कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और राजस्व कर्मचारी घर-घर जाकर किसानों से संपर्क साध रहे हैं।
यह रजिस्ट्री न केवल किसानों की एक डिजिटल पहचान है, बल्कि भविष्य में पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और विभिन्न कृषि अनुदानों को पारदर्शी एवं सुगम बनाने का एकमात्र आधार बनेगी। पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल रखा गया है। इच्छुक किसान अपने निकटतम सीएससी/वसुधा केंद्र, प्रखंड कृषि कार्यालय या अपने क्षेत्र के पंचायत कर्मियों से संपर्क कर सकते हैं।
पंजीकरण हेतु अनिवार्य दस्तावेजों में आधार कार्ड, सक्रिय मोबाइल नंबर और स्वयं के नाम से दर्ज जमाबंदी भूमि विवरण आवश्यक है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं जिला प्रशासन ने जिले के समस्त किसानो से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 30 जून की प्रतीक्षा किए बिना अविलंब अपना पंजीकरण पूर्ण कराएं। समय रहते पंजीकरण कराने से सरकार द्वारा संचालित भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त कर सकेंगे।
---------------

