बाल श्रम उन्मूलन को लेकर विद्यार्थियों ने रखे सशक्त विचार, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
दरभंगा 10 जून (हि.स.)। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार के निर्देशानुसार दरभंगा प्रमंडल स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के चयनित विद्यार्थियों ने बाल श्रम जैसे गंभीर सामाजिक विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का विषय “वर्तमान संदर्भ में बाल श्रम का मुद्दा” रखा गया था। इससे पूर्व तीनों जिलों में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के बीच जिलास्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो-दो प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला।
उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने बताया कि प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में कुल छह प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने बाल श्रम के दुष्परिणामों, शिक्षा के महत्व तथा बाल अधिकारों की सुरक्षा पर तर्कपूर्ण एवं प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता, विषय की समझ, तार्किकता और प्रस्तुति कौशल का मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में मधुबनी जिले से रौशनी कुमारी एवं हेमंत कुमार शर्मा, समस्तीपुर जिले से सूरज कुमार शर्मा एवं सुमित प्रकाश तथा दरभंगा जिले से अदिति कुमारी एवं अनुराधा कुमारी ने भाग लिया।
निर्णय-सह-चयन समिति की अध्यक्षता उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने की। चयनित प्रतिभागी आगामी 12 जून को पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम नियोजन एवं अध्ययन संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में दरभंगा प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम के उन्मूलन के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़कर ही उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। प्रतियोगिता का उद्देश्य भी विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा बाल श्रम के विरुद्ध जनजागरण को बढ़ावा देना है।
---------------

