अब धान क्रय के बाद किसानों को मिलेगी एकमुश्‍त राशि : मंत्री

रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। झारखंड की रजत जयंती पर राज्य सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सोमवार को घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष किसानों के धान क्रय पर उनके धान के मूल्य की एकमुश्त राशि दी जाएगी।

मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर झारखंड सरकार ने लगभग 100 रुपये अतिरिक्त बोनस जोड़कर भुगतान करने का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे जल्द ही कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि अब किसानों को अपनी मेहनत की कमाई के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस बार धान खरीद प्रक्रिया 15 दिसंबर से पहले ही शुरू कर दी जाएगी। झारखंड में अगले 10–15 दिनों में धान कटनी पूरी होने की संभावना है। इसी को देखते हुए सरकार ने धान खरीद प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य में किसानों को एकमुश्त भुगतान मिलेगा, जबकि अब तक उन्हें दो किश्तों में राशि दी जाती थी, जिसमें दूसरी किश्त मिलने में लंबा समय लग जाता था। इससे किसान विवश होकर धान बिचौलियों को बेच देते थे। इस नई व्यवस्था से यह समस्या समाप्त होगी। मंत्री ने सख्त शब्दों में सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि राज्य से धान को बाहर भेजने या बिचौलियों की किसी भी गतिविधि की सूचना मिली, तो तुरंत कड़ी कार्रवाई होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार ने दूसरे राज्यों के बिचौलियों को रोकने के लिए विशेष निगरानी तंत्र भी सक्रिय कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

   

सम्बंधित खबर