यमुनानगर: कार व बाइक की टक्कर में पेंटर की मौत, कार चालक फरार

यमुनानगर, 06 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार एक पेंटर की मौत हो गई। हादसा छोटी पाबनी खुर्द बस अड्डे के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव धर्मकोट निवासी 43 वर्षीय कर्मबीर के रूप में हुई है। वह दो बच्चों का पिता था और अपने बड़े भाई के साथ काम पर जा रहा था। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बड़े भाई कुलदीप ने बताया कि दोनों भाई अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर गांव धर्मकोट से बाल छप्पर स्थित अपने ठेकेदार के पास जा रहे थे।

कर्मबीर आगे चल रहा था, जबकि वह उसके पीछे था। शिकायत के अनुसार, जैसे ही दोनों जगाधरी–पाबनी–साढ़ौरा मार्ग पर छोटी पाबनी खुर्द बस अड्डे के निकट पहुंचे, तभी जगाधरी की ओर से तेज गति से आई एक कार ने कर्मबीर की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के प्रभाव से वह उछलकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को तत्काल सिविल अस्पताल, जगाधरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोका, लेकिन बाद में घटनास्थल से फरार हो गया। थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर