रांची, 05 जुलाई (हि.स.)। रांची के दशमफॉल इलाके में 23 जून को मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में खूंटी जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग और ईर्ष्या के कारण आरोपित ने युवती की हत्या कर शव को दशमफॉल क्षेत्र में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मृतका और आरोपित के मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने रविवार को बताया कि 23 जून 2026 को दशमफॉल इलाके से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सुरागों के आधार पर मृतका की पहचान खूंटी जिले के बरिगड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय हिस्सी कुमारी के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला था। अनुसंधान में सामने आया कि चेतन मुंडा (18) नामक युवक ने युवती को किसी अन्य युवक के साथ देखकर ईर्ष्या और गुस्से में उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित शव को रांची के दशमफॉल इलाके में ले गया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से वहां फेंककर फरार हो गया।
पुलिस ने तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपित चेतन मुंडा को खूंटी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन तथा आरोपित का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर इस हत्या की गुत्थी सुलझाई गई है। मामले में आगे की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोपित के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।-------------

