जून में 44 मरीजों को दी गई एक करोड़ चार लाख रुपए की आर्थिक मदद

- मंत्री नन्दी की पहल पर गम्भीर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही धनराशि

- सीएम राहत कोष से मरीजों को मिल रहा जीवनदान

प्रयागराज, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी द्वारा प्रत्येक महीने 30 से 40 गम्भीर रोगों से ग्रसित मरीजों को बीमारी का ईलाज कराने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। जून महीने में प्रयागराज के साथ ही अन्य जनपदों के 44 मरीजों को एक करोड़ चार लाख 26 हजार 816 रूपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई। जिसकी वजह से कई लोगों को जीवनदान मिला।

मंत्री नन्दी ने कहा कि क्षेत्र की जनता का सुख दुःख हमारा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानते हैं और हर मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़े रहते हैं। असाध्य एवं गम्भीर रोगों से ग्रसित व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ईलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी खजाना खोल रखा है। पीड़ितों तक सहायता उपलब्ध कराने में तनिक भी देरी नहीं की जा रही है।

मुट्ठीगंज निवासी नवरतन कुमार कैंसर रोग से पीड़ित हैं। नन्दी द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय पत्र लिख कर मुख्यमंत्री राहत कोष से 3.10 लाख रूपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। जिसकी मदद से नवतरन कुमार का बेहतर ईलाज चल रहा है। इसी प्रकार चक माधव सिंह लेन प्रयागराज निवासी शिवांश श्रीवास्तव पेन क्रियाज की समस्या से ग्रसित थे। उन्हें ईलाज कराने के लिए नन्दी ने मुख्यमंत्री कार्यालय पत्र लिख कर मुख्यमंत्री राहत कोष से 2.80 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दिलवाई। जिसके आधार पर बेहतर ईलाज होने के बाद शिवांश श्रीवास्तव अब ठीक हैं। कृष्णानगर कीडगंज निवासी बबलू सोनकर पैर की गम्भीर बीमारी से ग्रसित थे। नन्दी ने मुख्यमंत्री कार्यालय में पत्र लिख कर 1.75 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दिलवाई। जिससे बबलू सोनकर अपने पैरों का बेहतर ईलाज करा सके।

इनके अलावा अल्लापुर, राजापुर, नैनी, सदियापुर, मुट्ठीगंज, कीडगंज, करामत की चौकी, खुल्दाबाद, पानदरीबा, बेगमसराय, बैरहना, बलुआघाट, मेजा, ऊंचामण्डी, धूमनगंज, करैली, गऊघाट, महेवा, बहादुरगंज, सलोरी के साथ ही करैलाबाग के लोग शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर