जबलपुर, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के गुरंदी बाजार स्थित दर्शन चौक क्षेत्र में साेेेेेमवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग प्लास्टिक ड्रम और कुप्पी की एक दुकान में लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास की छह से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका।
प्रत्यक्षदर्शी शेख आरिफ के अनुसार आग सबसे पहले प्लास्टिक ड्रम की दुकान में भड़की थी। दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में धुआं और लपटें फैल गईं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। गल्ला मार्केट के नजदीक आग लगने से बड़े नुकसान की आशंका बनी हुई थी। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
संकरी और तंग गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। वहीं अधिकांश दुकानें टीन शेड की होने से आग तेजी से फैलती चली गई। लगातार प्रयासों के बाद सुबह करीब 6 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।

