पंचकूला के सेक्टर 5 में क्लब के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो घायल

ਘਟਨਾ ਸਥਾਨ ਦੀ ਫੋਟੋ।


पंचकूला, 04 जून । पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित एक क्लब के बाहर बुधवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने दो युवकों को निशाना बनाते हुए करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 1 बजे रतन लुबाना और ललित (दोनों निवासी एमडीसी) सेक्टर-5 स्थित एक क्लब से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे कुछ हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

जान बचाने के लिए दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर लगातार गोलियां चलाते रहे। फायरिंग की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

गोलीबारी में रतन लुबाना के पेट में गोली लगी, जबकि ललित के कंधे में गोली लगी। दोनों को तुरंत उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

--------------------

   

सम्बंधित खबर