शराब सेल्समैनों से लूट करने वाले गिरोह के पांच आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
- DSS Admin
- Jun 03, 2026

लखीमपुर खीरी, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नीमगांव थाना पुलिस और शातिर लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक बड़े अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक आरोपित पैर में गोली लगने से घायल है। इस गिरोह की गिरफ्तारी से खीरी और सीतापुर जिले की करीब आधा दर्जन लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
एसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बुधवार दोपहर बताया कि 22 मई 2026 को थाना क्षेत्र नीमगांव में हुई चोरी की घटना में वांछित आरोपितों की तलाश में बीती अर्ध रात्रि थाना पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अल्हवापुर पुल के पास बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपित मौजीराम निवासी मूड़ा हूसा, थाना महोली, सीतापुर के पैर में गोली जा लगी। घायल हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर उसके 4 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में आलोक कुमार, सुमित प्रजापति, सर्वेश राठौर सभी निवासी थाना महोली, जनपद सीतापुर तथा अभय प्रताप सिंह निवासी दौदापुर, थाना नीमगांव, जनपद खीरी शामिल हैं।
एसपी ने यह भी बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर ढंग से वारदातों को अंजाम देता है। मुख्य आरोपित मौजीराम अपने साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लाइसेंसी शराब की दुकानों के सेल्समैनों का पीछा करता था। इसके बाद सुनसान रास्ता मिलते ही वे सेल्समैनों को रोककर असलहे के बल उनसे कैश और मोबाइल लूटकर फरार हो जाते थे। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि सीतापुर के थाना पिसावा और रामकोट क्षेत्र में भी इन्होंने इसी तरह से शराब सेल्समैनों के साथ छिनैती व लूट की वारदातों को अंजाम दिया था।
इस गिरोह की गिरफ्तारी से पुलिस ने तीन बड़े मुकदमों का सफल अनावरण किया है। इनमें पहला मामला थाना पिसावा (सीतापुर) का है, जहां 29 मई को रास्ते में टॉर्च मारकर वीवो मोबाइल लूटा गया था। दूसरा मामला थाना नीमगांव (खीरी) का है, जहां 22 मई को सीएचसी बेहजम में खड़ी एक गाड़ी की डिग्गी से मंगलसूत्र, दो मोबाइल और 5 हजार की चोरी की गई थी। तीसरा मामला थाना महोली (सीतापुर) का है, जहां 30 मई को एक परचून दुकानदार से ओप्पो मोबाइल, चाबियां और 4 हजार नकद चोरी किए गए थे। पकड़े गए आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें सीतापुर और खीरी के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।
---------------

