माउंट कांग्यात्से 1-2 फतह करने के लिए पर्वतारोही अंकित को किया फ्लैगऑफ

देहरादून, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड शासन के विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम से उत्तराखंड के युवा एवं प्रतिभावान पर्वतारोही अंकित कुमार भारती को राष्ट्रध्वज प्रदान कर माउंट कांग्यात्से 1-2 फतह करने के लिए फ्लैग ऑफ किया।

माउंट कांगयात्से 1 व कांगयात्से 2 उत्तर-पश्चिम भारत के हिमालय लद्दाख क्षेत्र में मारखा घाटी में स्थित दो जटिल शिखर हैं। इसकी ऊंचाई 6250 मीटर व 6400 मीटर है। इससे पहले इसी वर्ष पर्वतारोही अंकित कुमार भारती ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची दुर्गम चोटी माउंट किलिमंजारो पर राष्ट्र ध्वज फहराकर देश का नाम रोशन किया है।

अंकित भारती उत्तराखंड एथलेटिक्स एसोशिएसन में टेक्निकल कमेटी के सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं। अंकित ने 2019 में बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स किया। इसके बाद 2021 में उन्होंने नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग से एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स ए ग्रेड के साथ पूरा किया और 2024 में सर्च एंड रेस्क्यू कोर्स नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से पूरा किया। उनका अगला लक्ष्य 2025 में विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करना है। फ्लैग ऑफ के दौरान महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रिंसिपल राजेश ममगांई, उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव केजेएस कलसी व ओलंपियन मनीष रावत उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण / प्रभात मिश्रा

   

सम्बंधित खबर