दाखिल खारिज निबटारे में फारबिसगंज अंचल कार्यालय ने लगाई लंबी छलांग,534वें रैंक से 211 पर पहुंचे

अररिया 05 मार्च(हि.स.)।

दाखिल खारिज मामले में फिसड्डी रहने वाला फारबिसगंज अंचल कार्यालय ने इस बार दाखिल खारिज सहित अन्य मामलों के निबटारे को लेकर लंबी छलांग लगाई है।भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़े में फारबिसगंज अंचल कार्यालय ने अपनी स्थिति में सुधार करते हुए 534वें रैंक से 211वां रैंक हासिल किया।

जानकारी फारबिसगंज अंचल पदाधिकारी ललन ठाकुर ने देते हुए बताया कि पदभार ग्रहण करते समय फारबिसगंज अंचल का रैंकिंग 534 वां था लगातार कार्य का निष्पादन करने के बाद वर्तमान में 211 रैंकिंग फारबिसगंज अंचल प्राप्त कर लिया है।उन्होंने कहा कुछ दिनों में फारबिसगंज अंचल वन टू टेन रैंक में आ जाएगा। उन्होंने कहा राजस्व मामले की लगातार समीक्षा की जा रही है।ई-म्यूटेशन, परिमार्जन, आनलाइन जमाबंदी अपडेट समेत सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण किया जा रहा है। जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी ने बताया की सभी रैयतों को अपने-अपने जमाबंदी में आधार नंबर जोड़ना अनिवार्य है। राजस्व कर्मचारियों को भी इस काम के रैयतों को जागरूक करने को कहा गया है।

उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी हल्का में तय समय सीमा के बाद म्यूटेशन और करेक्शन का एक भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए।अगर समय सीमा समाप्त आवेदनों का निबटारा नहीं हुआ तो लापरवाह पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कार्यों में शिथिलता को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंचलाधिकारी श्री ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया की अभियान बसेरा, आधार सीडिंग और भूमि मापी आदि कार्य की भी समीक्षा लगातार की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

   

सम्बंधित खबर