फारबिसगंज वार्ड संख्या 15 के पार्षद पद के उप चुनाव में आमने-सामने की टक्कर,कल डाली जाएगी वोट

अररिया 27 जून(हि.स.)।

फारबिसगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 15 के पार्षद के रिक्त पद पर शनिवार को वोट डाले जाएंगे।पार्षद पद के लिए हो रहे उप चुनाव के लिए आमने सामने की टक्कर है।

पूर्व पार्षद चुन्नी खातून पति कुद्दूस अंसारी और नप के सशक्त स्थायी समिति सदस्य मो.इस्लाम की पत्नी नजराना खातून के बीच आमने सामने की टक्कर है।

दरअसल वार्ड संख्या 15 के निर्वाचित प्रतिनिधि रौनक प्रवीण के बीपीएससी शिक्षक में चयन होने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।जिसके बाद यह पद रिक्त था।चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है।दोनों ही उम्मीदवारों के पक्ष में परोक्ष और अपरोक्ष रूप से बड़े बड़े सियासतदान फील्डिंग में लगे हैं।चुनाव को लेकर सरगर्मी काफी तेज है।

प्रत्याशी चुन्नी खातून वर्ष 2017 से 2022 तक वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। वहीं नजराना खातून के पति मो. इस्लाम वार्ड संख्या 14 के वर्तमान पार्षद हैं और नगर परिषद के सशक्त स्थायी समिति के सदस्य भी हैं। दोनों ही प्रत्याशी और उनके समर्थक डोर-टू-डोर जनसंपर्क में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है।

वार्ड संख्या 15 में कुल 1285 मतदाता हैं, जिनमें 644 पुरुष और 641 महिलाएं शामिल हैं। मतदान वार्ड के बाल मध्य विद्यालय परिसर स्थित दो बूथों पर कराया जाएगा। प्रशासन ने मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर लेने का दावा किया है।

निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

   

सम्बंधित खबर