माहौल बिगाड़ने के प्रयास को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किया विफल
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
अररिया 30 जून(हि.स.)। फारबिसगंज शहर से सटे भागकोहलिया वार्ड संख्या चार स्थित बजरंगबली मंदिर के पास मंगलवार को असामाजिक तत्व द्वारा आपत्तिजनक वस्तु फेंक दिया। जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
जैसे ही मामले की जानकारी फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार और थानाध्यक्ष मनोज कुमार को जानकारी मिली, तुरंत ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए आपत्तिजनक समान को हटाया और ग्रामीणों से बातचीत कर सम्प्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की।
ग्रामीणों ने एसडीपीओ और थानाध्यक्ष द्वारा सड़क के किनारे अवैध रूप से बिना लाइसेंस के ही चलाए जा रहे बूचड़खाने को बंद कराने की मांग की। जिस पर एसडीपीओ और थानाध्यक्ष ने जांच कर कार्रवाई का ग्रामीणों को भरोसा दिलाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पहल से माहौल बिगाड़ने का प्रयास विफल हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि फारबिसगंज के भागकोहलिया वार्ड संख्या 4 स्थित बजरंगबली मंदिर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर आपत्तिजनक टुकड़ा फेंककर मौके से फरार हो गया। मंदिर में कुछ लोग बैठे हुए थे और उनलोगों ने घटना कारित करने वाले की पहचान कर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही फारबिसगंज डीएसपी राजकिशोर कुमार एवं थाना अध्यक्ष मनोज कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए जांच शुरू किया। जांच के दौरान पहचान किए गए युवक को हिरासत में लिया गया।
मौके पर एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने कहा कि युवक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने सड़क के किनारे चल रहे अवैध बूचड़खाने की भी जांच कर कार्रवाई की बात कही।

