आइज़ोल, 30 अप्रैल (हि.स.)। मिज़ोरम से निर्वाचित पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोनाल्ड सापा त्लाउ का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (एम्स) में सुबह 8 बजे अंतिम सांस ली। वे 71 वर्ष के थे।
परिवारिक सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले एम्स में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद से ही उनकी तबीयत बिगड़ती गई और उन्हें कई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं का सामना करना पड़ा। खासकर किडनी की समस्या के चलते उनकी स्थिति और गंभीर हो गई थी।
उनके निधन पर मिज़ोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा समेत कई नेताओं ने गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शोक जताते हुए लिखा, “यह एक बहुत बड़ी क्षति है। वे हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। मिज़ोरम के प्रति उनके समर्पित सेवा के लिए मैं गहराई से आभार प्रकट करता हूं।”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर गुरुवार को विमान द्वारा आइज़ोल लाया जाएगा। शुक्रवार को जोनुइआम क्षेत्र स्थित उनके निवास पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि रोनाल्ड सापा त्लाउ का जन्म 4 फरवरी 1954 को सर्चिप जिले के हुआलतू गांव में हुआ था। वे 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री लाल थनहवला के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए और 2020 तक सांसद रहे। निधन से पूर्व वे मिज़ोरम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



