वाराणसी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री

पहलगाम आतंकी हमले पर बोले— हर भारतीय का खून खौल रहा है

वाराणसी,27 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर के गुलाब बाग, सिगरा स्थित पार्टी कार्यालय में रविवार को कार्य​कर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना। इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र ने भी एक आम कार्यकर्ता के रूप में भागीदारी की। इस मौके पर अजय मिश्र ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घटना स्थल की तस्वीरें देखकर हर भारतीय का खून खौल उठता है। आतंकी और उनके आका जम्मू-कश्मीर को फिर से अशांत करने की साजिश रच रहे हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज 140 करोड़ भारतीय एकजुट हैं, और यही हमारी निर्णायक ताकत है। इस लड़ाई में न केवल देश, बल्कि पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा है।

‘मन की बात’ कार्यक्रम के इस सामूहिक आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन कपूर, आलोक श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी, आत्मा विश्वेश्वर, अशोक जाटव, चंद्रशेखर उपाध्याय, अभिषेक मिश्रा, डॉ. रचना अग्रवाल, साधना वेदांती, गीता शास्त्री, विनोद गुप्ता, अशोक पांडेय, मनोज भारद्वाज, राहुल, अजय गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर