श्रद्धापूर्वक मनाई पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत की पुण्यतिथि

जोधपुर, 15 मई (हि.स.)। पूर्व उप राष्ट्रपति व पूर्व मुख्यमंत्री भैरोसिंह शेखावत की पुण्यतिथि शुक्रवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान भाजपा शहर व देहात द्वारा रातानाडा सर्किल पर नवस्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार को पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर रातानाड़ा सर्किल स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल व देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबोसा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा वातावरण बाबोसा अमर रहें के नारों से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित नेताओं ने उनकी प्रतिमा के समक्ष नमन किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय शेखावत का सरल व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण और जनहितकारी राजनीति आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का पुंज है। उन्होंने राजस्थान के विकास और गरीबों के उत्थान के लिए जो अंत्योदय जैसी योजनाएं शुरू कीं, वे आज भी प्रासंगिक हैं। इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भंसाली सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अपने जनप्रिय नेता को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

   

सम्बंधित खबर