रंगदारी मांगने के आरोप में चार गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

दरभंगा, 29 जून (हि.स.)। जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने, मारपीट, तोड़फोड़ एवं रुपये लूटने के आरोप में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार सभी आरोपित सकरी फकरन टोला के निवासी बताए गए हैं।

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि सकरी निवासी रमेश पासवान टेंट व्यवसायी हैं। मोहर्रम के अवसर पर पड़ोसी रब्बानी शेख के पुत्र पप्पू शेख ने छह हजार रुपये में बाजा बुक कराया था। बाद में डीजे की मांग की गई, लेकिन डीजे पर प्रतिबंध होने के कारण टेंट संचालक ने इसे उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया।

पुलिस के अनुसार, दूसरे पक्ष ने बुकिंग रद्द कर पूरी राशि वापस करने की मांग की। वादी ने छह हजार रुपये में से 4,500 रुपये लौटा दिए तथा शेष राशि कुछ दिनों में देने की बात कही।

आरोप है कि मोहर्रम समाप्त होने के बाद शनिवार रात करीब 9:30 बजे पप्पू शेख अपने साथियों मोहम्मद नेहाल, मोहम्मद असगर अली शेख और मोहम्मद शाहिद के साथ रमेश पासवान के घर पहुंचा। वहां गाली-गलौज करते हुए रंगदारी मांगी गई। विरोध करने पर आरोपितों ने घर में तोड़फोड़ की तथा घर में रखे छह हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

इस संबंध में रमेश पासवान के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर