बहराइच के सांसद डॉ. आनंद ने जनता को समर्पित कीं 82 विकास परियोजनाएं
- DSS Admin
- May 21, 2026
बहराइच, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच लोकसभा क्षेत्र के विकास को गुरुवार को नई रफ्तार मिली है। स्थानीय जनता को बरसों पुरानी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित कर दिया है।
सांसद निधि यानी के तहत बहराइच क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चौतरफा काम किया गया है। इसके अंतर्गत कुल 82 परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई थी, जिनका निर्माण कार्य अब पूरी तरह संपन्न हो चुका है। इस वित्तीय वर्ष में तीन करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से 2024 -25 और 2025-26 दोनों वित्तीय वर्षों की कुल 82 परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से बहराइच की जनता को सीधे तौर पर बड़ा फायदा मिला है। क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कें, जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नाली निकास, संपर्क को बेहतर करने के लिए पुलिया का निर्माण कराया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर होने वाली रोजमर्रा की दिक्कतें अब हमेशा के लिए खत्म हो गई हैं। सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने कहा कि आगे आने वाले समय में भी, जहाँ-जहाँ पर अत्यंत आवश्यक है, ऐसे क्षेत्रों में हमारे कार्यकर्ताओं के सहयोग से और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप निधि के माध्यम से विकास कार्य कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

