सूरजपुर : आवास प्लस 2.0 की सूची सत्यापन के लिए 24 जून को ग्राम सभाएं, 1.40 लाख से अधिक परिवारों का होगा सत्यापन
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
सूरजपुर, 22 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के अंतर्गत संचालित आवास प्लस 2.0 अभियान के तहत जिले में पात्र आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की पहचान की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। आज सोमवार को जिला प्रशासन ने बताया कि 24 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित कर आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक अवलोकन एवं सत्यापन कराया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार जिले में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के दौरान 1 लाख 40 हजार 79 संभावित हितग्राहियों की पहचान की गई है। ग्राम सभाओं में सूची का सार्वजनिक वाचन और प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण अपने गांव के पात्र हितग्राहियों की जानकारी देख सकेंगे तथा आवश्यक होने पर दावा-आपत्ति भी प्रस्तुत कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि ग्राम सभा में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का परीक्षण कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद पात्र हितग्राहियों की सूची प्रधानमंत्री आवास योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की जाएगी और आवास स्वीकृति की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पक्के मकान वाले परिवार, सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता, अधिक भूमि धारक एवं अन्य निर्धारित अपवर्जन श्रेणियों के परिवार योजना के लाभ के लिए पात्र नहीं होंगे। वहीं दिव्यांग सदस्य वाले परिवार, महिला मुखिया वाले परिवार, आश्रयविहीन, निराश्रित, पीवीटीजी समुदाय तथा अत्यंत कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से 24 जून को आयोजित ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सूची के सत्यापन में सहयोग करने की अपील की है। आवास योजना से संबंधित शिकायत, सुझाव अथवा जानकारी के लिए जिलास्तरीय हेल्पलाइन नंबर 9244049285 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।
---------------

