दादा की गोद से छीनकर एक माह की मासूम को जमीन पर पटका, आरोपित गिरफ्तार

वाराणसी, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित अकथा इलाके में एक माह की मासूम बच्ची को दादा की गोद से छीनकर जमीन पर पटकने के मामले में पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपित विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पूछताछ में बच्ची की बलि चढ़ाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस उपायुक्त (वरूणा जोन) कार्यालय के अनुसार सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को आरोपित विकास यादव पुत्र शोभनाथ यादव को अकथा-पहड़िया क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त (सारनाथ) द्वारा की जा रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम अकथा गांव की वनवासी बस्ती निवासी पप्पू अपनी एक माह की पोती को गोद में लेकर घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विकास यादव वहां पहुंचा और अचानक बच्ची को उनकी गोद से छीन लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपित ने बच्ची को दो बार जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पप्पू के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान विकास यादव ने जातिसूचक टिप्पणियां कीं और वहां से फरार हो गया। घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बच्ची के पिता राजेश की शिकायत पर सारनाथ थाने में मामला दर्ज किया गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अकथा चौराहे पर चक्काजाम भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर