गाजोल को मिला नगरपालिका का दर्जा, बजट घोषणा से इलाके में खुशी की लहर
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
मालदा, 22 जून (हि. स.)। जिले के गाजोल के लोगों का वर्षों पुराना सपना आखिरकार पूरा हो गया है। राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने गाजोल को नगर पालिका में अपग्रेड करने के फैसले पर मुहर लगा दी है। सोमवार को पश्चिम बंगाल बजट-2026 में इस घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि गाजोल को नगर पालिका बनाने की मांग वाम शासनकाल के अंतिम दौर से ही उठ रही थी। बाद में विभिन्न सरकारों ने भी इसको लेकर आश्वासन दिए, लेकिन अब जाकर इसे औपचारिक मंजूरी मिली है। भाजपा ने 2021 और हालिया विधानसभा चुनाव से पहले भी यह वादा किया था कि सत्ता में आने पर गाजोल को नगर पालिका बनाया जाएगा। सोमवार को इस घोषणा के बाद इलाके में जश्न का माहौल देखने को मिला। गाजोल एक ग्राम पंचायत कार्यालय के पास लोगों ने मिठाइयां बांटीं, जबकि स्थानीय व्यापारियों ने करीब दो हजार लड्डू वितरित कर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
व्यवसायी समिति के सचिव विधानचंद्र राय ने कहा कि उन्हें पहले ही इस फैसले के संकेत मिल गए थे और अब इसके औपचारिक घोषणा से वे बेहद खुश है।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रकाश बनर्जी ने कहा कि नगर पालिका बनने से नाली, कचरा प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण जैसी समस्याओं का बेहतर समाधान होगा।
स्थानीय निवासियों का मानना है कि इस फैसले से क्षेत्र में पेयजल, स्ट्रीट लाइट और बेहतर सफाई व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, जिससे लोगों के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव आएगा।

