ऑनलाइन अर्टिका कार बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सात गिरफ्तार
- Admin Admin
- Mar 20, 2025

जौनपुर, 20 मार्च (हि.स.)। बक्शा थाना अंतर्गत पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अर्टिका कार बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का गुरुवार काे पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 19 मार्च को गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया था।
गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरोह का सरगना जितेंद्र यादव ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कम कीमत में अर्टिका कार बेचने का विज्ञापन देता था। इससे लोग उससे सम्पर्क करते थे। गिरोह के सदस्य कार दिखाने के बहाने लोगों को सूनसान इलाके में ले जाते थे। वहां लोहे की सींक और रस्सी से बांधकर उन्हें बंधक बना लेते थे। पीड़ितों की आंखों पर कागज चिपका हुआ चश्मा लगा देते थे।
18 मार्च को गिरोह ने झांसी के एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया। उसे जौनपुर बुलाकर बंधक बनाया और 24,000 रुपए लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना बक्शा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर थानाध्यक्ष बक्शा की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने 19 मार्च की रात 11:20 बजे गढासैनी पुल के पास से गिरोह को पकड़ा। अभियुक्तों से 11,000 रुपए नकद, तीन लोहे की सींक और एक नायलॉन की रस्सी बरामद हुई। साथ ही तीन चश्मे भी मिले।
आरोपित राजन से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र यादव, राजन यादव, कुलदीप गौतम, राकेश कुमार गौतम, सुनील प्रजापति, विजय पाल और विशाल गौतम शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव