नीट परीक्षा रद्द होने पर गहलोत का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- युवाओं के भविष्य से किया खिलवाड़
- DSS Admin
- May 12, 2026
जयपुर, 12 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नीट (यूजी) प्रवेश परीक्षा रद्द किए जाने के बाद राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए गहलोत ने कहा कि परीक्षा रद्द होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पेपर में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी, लेकिन राज्य सरकार ने इसे दो सप्ताह तक जानबूझकर छिपाने का प्रयास किया।
गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा परीक्षा रद्द करना और मामले की जांच सीबीआई को सौंपना युवाओं के हित में लिया गया साहसिक निर्णय है। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने बयान में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में हुए ओएमआर शीट घोटाले का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उस मामले को भी दबाने की कोशिश की थी ताकि सरकार की बदनामी न हो। कमजोर पैरवी के चलते आरोपितों को जमानत मिलने को भी उन्होंने सरकार की विफलता बताया।
गहलोत ने कहा कि इसी तरह नीट (यूजी) परीक्षा लीक मामले में भी जानकारी को दबाने और एफआईआर दर्ज न करने का प्रयास किया गया, लेकिन अब सच्चाई सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण ने भाजपा सरकार का असली चेहरा उजागर कर दिया है।
अशोक गहलोत के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में परीक्षा घोटालों और युवाओं के मुद्दे पर एक बार फिर सियासी बहस तेज हो गई है।
---------------

