थिंक इंडिया नॉर्थ ईस्ट समिट 2025 का राज्यपाल ने किया उद्घाटन

थिंक इंडिया नॉर्थ ईस्ट समिट 2025 का उद्घाटन करते हुए राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य।

गुवाहाटी, 22 फरवरी (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शनिवार को आईआईटी गुवाहाटी में ‘थिंक इंडिया नॉर्थ ईस्ट समिट 2025’ का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने पूर्वोत्तर भारत की भूमिका को देश के भविष्य निर्माण में अहम बताया। उन्होंने थिंक इंडिया संगठन को इस सम्मेलन के आयोजन के लिए धन्यवाद् दिया और इसके निरंतर पूर्वोत्तर भारत पर केंद्रित प्रयासों की सराहना की।

राज्यपाल आचार्य ने कहा कि पूर्वोत्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जैव विविधता और युवा ऊर्जा इस क्षेत्र को नवाचार और विकास का केंद्र बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं से क्षेत्र की प्रगति को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सम्मेलन में शिक्षा में नवाचार, सतत विकास और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा होगी, जिससे पूर्वोत्तर नए आयामों को प्राप्त करेगा।

राज्यपाल ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास, डिजिटल कनेक्टिविटी और आर्थिक समावेशिता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता इस क्षेत्र की आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने पूर्वोत्तर के वीर सेनानियों जैसे लाचित बफूकन और वीर चिलाराय की वीरगाथाओं को याद करते हुए इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर की सराहना की।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर भारत की रणनीतिक स्थिति इसे दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रवेशद्वार बनाती है। भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद यह क्षेत्र अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत के साथ प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर ने बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और आर्थिक वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास देखा है।

राज्यपाल ने कहा कि यदि युवाओं की प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग किया जाए तो यह क्षेत्र औद्योगिक क्रांति 4.0 के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वास्थ्य सेवाओं, सतत कृषि, जलवायु अनुकूल फसल विकास और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा नवाचार के माध्यम से पूर्वोत्तर की पूरी क्षमता को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और भारत को एक वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर करेंगे।

इस अवसर पर आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक प्रो. देवेंद्र जलीहाल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान, आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. उदय शंकर दीक्षित सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर