गवर्नर में दिखी आर्थिक संकट से जूझते भारत की प्रेरक कहानी

जयपुर, 12 जून (हि.स.)। देशभर में शुक्रवार को रिलीज हुई बहुप्रतीक्षित फिल्म गवर्नर की विशेष स्क्रीनिंग जयपुर में आयोजित की गई। जिसमें मीडिया प्रतिनिधियों, सिनेमा प्रेमियों और अतिथियों ने फिल्म की विषयवस्तु, अभिनय और प्रस्तुति की सराहना की। भारत के 1990 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक प्रभावशाली पॉलिटिकल-इकोनॉमिक ड्रामा है, जो देश को आर्थिक संकट से उबारने की कहानी को रोचक ढंग से प्रस्तुत करती है।

फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी ने आरबीआई गवर्नर की केंद्रीय भूमिका निभाई है, जबकि अदा शर्मा युवा पत्रकार और मधु ने उनकी पत्नी के संवेदनशील किरदार को जीवंत किया है। निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने 90 के दशक के आर्थिक और राजनीतिक माहौल को यथार्थवादी अंदाज में पर्दे पर उतारा है।

लेखकों शुभेंदु भट्टाचार्य, रवि असरानी और सौरभ भारत ने अर्थशास्त्र जैसे जटिल विषय को आम दर्शकों के लिए सहज और रोचक बनाया है। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर, सिनेमेटोग्राफी और सहायक कलाकारों का अभिनय भी कहानी को मजबूती प्रदान करता है।

फिल्म न केवल भारत के आर्थिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को सामने लाती है, बल्कि नेतृत्व, जिम्मेदारी और कठिन परिस्थितियों में लिए गए निर्णयों की प्रेरक कहानी भी कहती है। समीक्षकों के अनुसार ‘गवर्नर’ इस वर्ष की प्रभावशाली और विचारोत्तेजक फिल्मों में शामिल होने की क्षमता रखती है।

---------------

   

सम्बंधित खबर