चावल- बाजरा मिलाकर तैयार कर रहे थे बेसन, फैक्ट्री में 538 बोरियां पकड़ी

बेसन

जयपुर, 10 मार्च (हि.स.)। त्योहार के सीजन को ध्यान में रखकर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की ओर से लगातार मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में सोमवार को बस्सी औद्योगिक क्षेत्र में बेसन बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां बेसन बनाने में मिलावट करते पकड़ा। फैक्ट्री में 538 बोरियां बेसन की पकड़ी गईं। हर बोरी में 30 किलोग्राम बेसन रखा मिला।

फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अतिरिक्त आयुक्त पंकज ओझा के नेतृत्व में टीम ने आज बस्सी इंडस्ट्रीयल एरिया में बेसन बनाने वाली कंपनी हेल्दी फूड के यहां छापा मारा। कंपनी बेसन बनाकर उसे बाजार में 'छोटा लाल लकड़ा' ब्रांड के नाम से बेचती है। टीम ने जब फैक्ट्री का दौरा कर देखा। फैक्ट्री में बेसन बनाने के दौरान चने के साथ किनकी चावल और बाजरा मिक्स किया जा रहा था।

पंकज ओझा ने बताया कि बेसन पूरी तरह चने की दाल को पीसकर बनाया जाता है, लेकिन यहां लागत कम करने के लिए इसमें सस्ते किनकी चावल को मिलाया जा रहा था। इस कंपनी का माल राजस्थान के कई जिलों में सप्लाई किया जाता है। उन्होंने बताया हमारी टीम ने फैक्ट्री से 538 बोरियां बेसन की बरामद की है, जिसे प्रथम दृश्या मिलावटी माना है। बेसन की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लैब भी भिजवाए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

   

सम्बंधित खबर