श्री रघुनाथ मंदिर में हुई भव्य संध्या आरती, अमरनाथ यात्रियों की मंगल यात्रा के लिए की गई विशेष प्रार्थना
- Neha Gupta
- Jul 03, 2026

जम्मू, 03 जुलाई । जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में ऐतिहासिक श्री रघुनाथ जी मंदिर जम्मू में शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भव्य संध्या आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का विशेष महत्व इसलिए भी रहा क्योंकि इसी दिन वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को रवाना किया गया। आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफल यात्रा के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
इस अवसर पर जम्मू आरती संस्था की अध्यक्ष कुँवरानी डॉ. रितु सिंह ने कहा कि श्री रघुनाथ जी मंदिर में प्रतिदिन होने वाली संध्या आरती केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा श्रद्धालुओं में भक्ति और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देती है। उन्होंने धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. करण सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐतिहासिक मंदिर में प्रतिदिन संध्या आरती आयोजित करने की अनुमति देकर उन्होंने इस पवित्र परंपरा को पुनर्जीवित करने और आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।
जम्मू आरती संस्था के उपाध्यक्ष ने भी जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट का दैनिक आरती के सफल आयोजन में निरंतर मार्गदर्शन, समन्वय और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विश्व शांति, सामाजिक सौहार्द, समृद्धि तथा श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं की कुशलता के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायिका सोनाली डोगरा ने अपनी मधुर भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट के सचिव अशोक कुमार शर्मा (सेवानिवृत्त आईपीएस) सहित शहर की अनेक प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित रहीं।

