फरीदाबाद : हेलीकॉप्टर में बारात लेकर गया दूल्हा, दादा की आखिरी इच्छा पूरी की

फरीदाबाद, 4 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद के बडख़ल क्षेत्र में शुक्रवार को एक अनोखी बारात देखने को मिली। दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने हेलिकॉप्टर में मेवात के पिनगुवा गया। यह देख स्थानीय लोगों में काफी उत्सुकता जगी। स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। फरीदाबाद में अनूठी बारात चर्चा का विषय बन गई। दूल्हे इरफान ने बताया कि करीब चार साल पहले उनके दादा ने एक इच्छा जताई थी। उन्होंने चाहा था कि इरफान अपनी शादी में हेलीकॉप्टर से बारात लेकर जाए। हालांकि अब दादा इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन इरफान ने उनकी आखिरी इच्छा पूरी करने का फैसला किया। बारात बडख़ल क्षेत्र से निकली। दशहरा मैदान में पहले से तैयार हेलिकॉप्टर में सवार होकर दूल्हा इरफान मेवात के पिनगुवा के लिए रवाना हुआ। दशहरा मैदान में अचानक हेलीकॉप्टर की लैंडिंग देख लोग हैरान रह गए। जब उन्हें पता चला कि यह एक बारात है, तो वे इस अनोखी शादी को देखने के लिए मैदान में जमा हो गए। इरफान ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि वे अपने दादा की आखिरी इच्छा पूरी कर पा रहे हैं। इस तरह की अनूठी बारात फरीदाबाद में चर्चा का विषय बन गई।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर